ऑस्ट्रेलिया की महिला क्रिकेट टीम की स्टार ऑलराउंडर एलिस पेरी महिला टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल में पूरी तरह फिट नहीं होने के बाद भी खेल सकती हैं। टीम की हेड कोच ने गुरुवार को कहा कि पेरी की फिटनेस पर अंतिम फैसला मैच से पहले लिया जाएगा।
एलिस पेरी वेस्टइंडीज के खिलाफ हुए सेमीफाइनल में बल्लेबाजी करते हुए रिटायर्ड हर्ट हो गई थीं। पेरी ने जांघ की मांसपेशियों में परेशानी के कारण मैदान छोड़ा था। हेड कोच शेली नित्शके ने कहा कि सेमीफाइनल के बाद टीम ने अभ्यास नहीं किया है, इसलिए उनकी स्थिति पर कोई नया अपडेट नहीं है।
क्या पेरी पूरी तरह फिट न होने पर भी फाइनल खेलेंगी? इस सवाल के जवाब में नित्शके ने कहा, "हां, संभव है। पेरी टीम के लिए किसी भी रूप में योगदान देना चाहती हैं, चाहे वह फील्डिंग हो, बल्लेबाजी हो या विकेटों के बीच दौड़ना। विश्व कप फाइनल जैसे बड़े मुकाबले में खिलाड़ियों की उपलब्धता को अलग नजरिए से देखा जाता है।"