महिला टी20 विश्व कप 2026 में शनिवार को ऑस्ट्रेलिया और नीदरलैंड के बीच मैच ऑस्ट्रेलिया की दिग्गज खिलाड़ी एलिसे पेरी के लिए यादगार बन गया। मैच में पेरी ने एक ऐसा रिकॉर्ड अपने नाम किया, जिसे टी20 विश्व कप के इतिहास में पहले किसी खिलाड़ी ने हासिल नहीं किया है।
नीदरलैंड के खिलाफ मैच एलिसे पेरी के टी20 विश्व कप का 50वां मैच है। टी20 विश्व कप के इतिहास में 50 मैच खेलने वाली वह पहली खिलाड़ी (महिला या पुरुष) हैं। हालांकि एक बल्लेबाज के तौर पर पेरी के लिए मैच यादगार नहीं रहा। वह सिर्फ 1 रन बनाकर आउट हो गईं।
महिला टी20 विश्व कप के इतिहास में सबसे ज्यादा मैच खेलने के मामले में पहले स्थान पर काबिज पेरी ने 2009 से 2026 के बीच 50 मैच खेले हैं और कुल 559 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से एक भी अर्धशतक नहीं आया है। उनका सर्वाधिक स्कोर 42 रहा है। पेरी ने बतौर गेंदबाज भी सफलता पाई है और कुल 42 विकेट लिए हैं।