महिला टी20 विश्व कप 2026 में पाकिस्तान के खिलाफ खेले जा रहे मैच में भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। हरमन महिला टी20 विश्व कप के इतिहास में भारतीय महिला टीम की तरफ से सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज बन गई हैं। हरमन ने पूर्व कप्तान मिताली राज को पीछे छोड़ा है।
पाकिस्तान के खिलाफ रविवार को हुए मैच में हरमनप्रीत कौर ने 35 गेंदों पर 36 रनों की पारी खेली। इस पारी में 4 चौके शामिल थे। हरमन ने इस पारी के दौरान स्मृति मंधाना के साथ तीसरे विकेट के लिए 91 रनों की अहम साझेदारी भी की। इसी पारी के दौरान हरमन भारतीय टीम की तरफ से टी20 विश्व कप इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज बन गई हैं।
हरमन के 40 मैचों की 34 पारी में 1 शतक और 4 अर्धशतक की मदद से 762 रन हो गए हैं। हरमन ने पूर्व भारतीय कप्तान मिताली राज को सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में पीछे छोड़ा। मिताली ने 2009 से 2018 के बीच 24 मैचों की 23 पारियों में 5 अर्धशतक लगाते हुए 726 रन बनाए थे।