पाकिस्तान को 64 रन से मात देने के साथ भारत ने विमेंस टी20 वर्ल्ड कप में रनों के अंतर से अपनी पांचवीं सबसे बड़ी जीत दर्ज की है। रविवार को एजबेस्टन में पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय महिला टीम ने 6 विकेट खोकर 170 रन बनाए। इसके जवाब में पाकिस्तान 17 ओवरों में सिर्फ 106 रन पर सिमट गया।
भारत ने विमेंस टी20 वर्ल्ड कप में 82 रन से सबसे बड़ी जीत साल 2024 में श्रीलंका के खिलाफ दुबई में हासिल की थी। टीम इंडिया सिलहट में बांग्लादेश के विरुद्ध 79 रन से मैच अपने नाम कर चुकी है, जबकि साल 2016 में बांग्लादेश के खिलाफ 72 रन से मुकाबला जीता था। साल 2010 में 'विमेन इन ब्लू' ने श्रीलंका को 71 रन से रौंदा था।
भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ विमेंस टी20 वर्ल्ड कप में सातवीं (कुल 9 मैच में) जीत दर्ज की है। इस लिस्ट में ऑस्ट्रेलियाई टीम शीर्ष पर है, जिसने साउथ अफ्रीका को 9 में से 8 मैच हराए हैं, जबकि न्यूजीलैंड की टीम ने श्रीलंका के विरुद्ध सभी सात मैच जीते हैं।