ऑस्ट्रेलिया को विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जिताने में सलामी बल्लेबाज बेथ मूनी का अहम योगदान रहा। फाइनल मैच में 49 गेंदों में 10 चौकों के साथ 64 रन की पारी खेलने वाली बेथ मूनी को 'प्लेयर ऑफ द मैच' और 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' चुना गया। मूनी ने इस संस्करण के 7 मुकाबलों में 47.60 की औसत के साथ 238 रन बनाए। इसके अलावा, 5 कैच भी लपके। वह सर्वाधिक रन बनाने के मामले में दूसरे पायदान पर रहीं।
रविवार को लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैच में इंग्लैंड ने 4 विकेट खोकर 150 रन बनाए। इसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने 17.1 ओवरों में जीत हासिल कर ली। इस बीच मूनी ने फोएबे लिचफील्ड के साथ दूसरे विकेट के लिए 67 गेंदों में 100 रन की साझेदारी की।
खिताबी जीत के बाद बेथ मूनी ने कहा, "यह टूर्नामेंट काफी समय से हमारे कैलेंडर में था। सबसे पहले तो टीम का हिस्सा बनना और सलामी बल्लेबाज और विकेटकीपर के रूप में अपनी भूमिका निभाना मेरे लिए बेहद खास रहा। यहां होना ही रोमांचक है। पिछले 12 महीनों में इस टीम में काफी बदलाव और विकास हुआ है। हमने साथ मिलकर बहुत कुछ सीखा और कई यादगार पल बिताए। आज इस सफर का अंत वर्ल्ड कप जीत के साथ करना बेहद संतोषजनक है।"