नीदरलैंड ने बुधवार को भारत के खिलाफ हेडिंग्ले में जारी विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 10वें मैच में टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला लिया है। दोनों टीमें इस मैच में एक-एक बदलाव के साथ उतरी हैं। भारत ने विमेंस प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) में हैट्रिक लेने वालीं 24 वर्षीय तेज गेंदबाज नंदिनी शर्मा को मौका दिया है।
टॉस जीतने के बाद नीदरलैंड की कप्तान बैबेट डी लीड ने कहा, "हम पहले गेंदबाजी करेंगे। मुझे लगता है कि पिच से हमें कुछ मदद मिलेगी और उम्मीद है कि बाद में हम लक्ष्य हासिल कर लेंगे। मैं इस मौके के लिए बहुत उत्साहित हूं। भारत के खिलाफ खेलना एक सपना सच होने जैसा है, थोड़ी घबराहट भी हो रही है। हमने एक बदलाव किया है। हम एक अतिरिक्त तेज गेंदबाज के साथ खेल रहे हैं, जबकि एक बल्लेबाज को बाहर किया है।"
वहीं, टॉस गंवाने के बाद भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने कहा, "पहले बल्लेबाजी करने का शानदार मौका है और हम खुद को चुनौती देना चाहते हैं। हम बल्ले और गेंद से पावरप्ले का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। अपनी योजनाओं पर टिके रहना और जितना हो सके देर तक बल्लेबाजी करना इस पिच पर अहम है। हमारी टीम में एक बदलाव है। अरुंधति आज आराम कर रही हैं और नंदिनी शर्मा की वापसी हुई है।"