इंग्लैंड में 12 जून से 5 जुलाई तक होने वाले महिला टी20 विश्व कप 2026 के लिए न्यूजीलैंड ने 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। टीम की घोषणा के साथ यह भी कंफर्म हो गया है कि विश्व कप के बाद अनुभवी सोफी डिवाइन, ली ताहुहू, और सूजी बेट्स अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह देंगी।
अमेलिया केर के नेतृत्व में 2024 में खिताब जीतने वाले ग्रुप के मुख्य खिलाड़ियों को टीम में जगह दी गई है। उस टीम के 10 खिलाड़ी मौजूदा टीम में बरकरार हैं। टीम में नेन्सी पटेल और इजी शार्प को मौका दिया गया है। दोनों अनकैप्ड खिलाड़ी हैं। 21 साल की युवा बल्लेबाज इजी शार्प टीम की सबसे कम उम्र की सदस्य हैं। स्क्वाड में शामिल ब्री इलिंग, पॉली इंग्लिस और डेवोनशायर अपना पहला टी20 विश्व कप खेलेंगे।
हेड कोच बेन सॉयर ने टीम पर भरोसा जताया और डेब्यू करने वाले और जाने वाले दिग्गजों के लिए इस पल की अहमियत पर जोर दिया।