विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में मंगलवार को श्रीलंका ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 5 विकेट से जीत हासिल की। करारी हार के बाद न्यूजीलैंड की कप्तान अमेलिया केर ने अपनी टीम की फील्डिंग पर निराशा जताई। कप्तान ने स्वीकारा है कि कैच छोड़ने जैसी गलतियां एक बार फिर भारी पड़ीं, जबकि 'व्हाइट फर्न्स' के पास जीत के लिए पर्याप्त रन थे।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम ने कप्तान अमेलिया केर (45) और सोफी डिवाइन (45) के दम पर निर्धारित ओवरों में 6 विकेट खोकर 150 रन बनाए। इसके जवाब में श्रीलंकाई टीम ने 19.4 ओवरों में जीत हासिल कर ली। इस टीम के लिए निलाक्षिका सिल्वा ने नाबाद 54 रन, जबकि कौशानी नुथ्यंगना ने नाबाद 24 रन बनाए।
केर का मानना है कि न्यूजीलैंड ने एक अच्छा स्कोर खड़ा किया था, लेकिन फील्डिंग कमजोर रही। उन्होंने कहा, "मुझे लगा कि विकेट थोड़ी धीमी थी। उनके गेंदबाजी आक्रमण की प्रकृति और गेंद की अपेक्षाकृत लोअर ट्रैजेक्टरी को देखते हुए मुझे लगा कि हमने अच्छा स्कोर बनाया था। हमारे पास मुकाबला जीतने के लिए पर्याप्त रन थे। हम और रन बनाना चाहते थे, लेकिन एक बार फिर फील्डिंग ने हमें निराश किया।"