भारत और पाकिस्तान के बीच रविवार को बर्मिंघम में विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 का हाईवोल्टेज मैच खेला जाना है, जिससे पहले शनिवार को पाकिस्तानी कप्तान फातिमा सना ट्रेनिंग सेशन के दौरान चोटिल हो गईं। हालांकि, यह चोट मामूली चोट है। सना को उम्मीद है कि वह भारत के खिलाफ मुकाबले से पहले फिट हो जाएंगी।
पाकिस्तान के नेट सेशन के दौरान 24 वर्षीय ऑलराउंडर के घुटने पर चोट लगी थी, जिससे रविवार को होने वाले ग्रुप-स्टेज के अहम मैच में उनके खेलने को लेकर थोड़ी चिंता पैदा हो गई। हालांकि, सना ने संकेत दिया कि चोट गंभीर नहीं है। मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में सना ने कहा, "आयशा (जफर) ने शॉट खेला और वह मेरे घुटने पर लगा। मुझे लगता है कि अब सब ठीक है।"
जब फातिमा सना से पूछा गया कि क्या वह भारत के खिलाफ बहुप्रतीक्षित मुकाबले के लिए फिट होंगी, तो पाकिस्तान की कप्तान ने जवाब दिया, "हां, उम्मीद है।"