भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ रविवार को एजबेस्टन में खेले जा रहे विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 'हाई-वोल्टेज' मैच में टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला लिया है। टीम इंडिया इस मुकाबले में जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत करना चाहेगी।
टॉस जीतने के बाद भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने कहा, "हम पहले बल्लेबाजी करेंगे। यह पिच बल्लेबाजी के लिए बहुत अच्छी है, हम बोर्ड पर एक अच्छा स्कोर खड़ा करेंगे। हम सभी बहुत उत्साहित हैं, पिछले वर्ल्ड कप से हमें आत्मविश्वास मिला है। असल बात अच्छा क्रिकेट खेलने की है, जिसके लिए हम तैयार हैं। भारती (फुलमाली) आज खेल रही हैं। हम तीन स्पिनर्स और दो मीडियम पेसर्स के साथ उतर रहे हैं।"
वहीं, पाकिस्तानी कप्तान फातिमा सना ने कहा, "टॉस जीतकर हम भी पहले बल्लेबाजी ही करते। यह पिच बल्लेबाजी के लिए अच्छी लग रही है। एक टीम के तौर पर हम बल्लेबाजी और गेंदबाजी में बहुत अच्छा कर रहे हैं। यह अच्छी बात है। भले ही पिच बल्लेबाजी के लिए अच्छी लग रही है, लेकिन हमारी गेंदबाजी भी मजबूत है।"