इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में जारी ऐतिहासिक टेस्ट मैच के चौथे दिन की शुरुआत से पहले महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम को संबोधित किया। चौथे दिन भारतीय टीम जीत से सिर्फ 4 विकेट दूर है।
सुबह के सेशन से पहले तेंदुलकर ने हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली टीम और सपोर्ट स्टाफ के सदस्यों का हौसला बढ़ाया। यह पल इसलिए भी खास था, क्योंकि भारतीय टीम इंग्लैंड की धरती पर एक यादगार टेस्ट जीत के करीब थी।
इंग्लैंड के पूर्व बल्लेबाज निक नाइट ने सुबह का सत्र शुरू होने से पहले ऑन-एयर कहा, "वाह, अगर आप भारतीय खिलाड़ी या भारतीय फैंस हैं तो यह दिन और भी बेहतर होता जा रहा है। महान सचिन तेंदुलकर बिना किसी पूर्व सूचना के अचानक यहां आ गए और उन्होंने भारतीय खिलाड़ियों से बातचीत करने का फैसला किया। मेरा मतलब है, इससे कितना बड़ा प्रोत्साहन मिलता है। वे निश्चित रूप से सुबह के सत्र में यह ऐतिहासिक टेस्ट मैच जीतने वाले हैं और सचिन ने कुछ अद्भुत बातें कहीं। उन्हें यहां देखना बहुत अच्छा लग रहा है। उन्हें महिला क्रिकेट में भी शामिल होते देखना बहुत अच्छा लग रहा है। उन सभी खिलाड़ियों के लिए यह कितना शानदार पल है।"