झारखंड राज्य क्रिकेट एसोसिएशन (जेएससीए) ने बीसीसीआई से शिकायत की है। एसोसिएशन का कहना है कि स्कोरिंग में हुई एक कथित गलती की वजह से झारखंड की महिला अंडर-19 टीम को उत्तराखंड के खिलाफ टी20 चैंपियनशिप के प्री-क्वार्टर फाइनल मैच में नुकसान उठाना पड़ा। स्कोरर्स की गलती के कारण टीम को एक रन नहीं दिया गया, और अंत में वे यह मैच एक रन से हार गईं। जेएससीए चाहता है कि मामले की जांच करते हुए सही फैसला लिया जाए।
'क्रिकइन्फो' के अनुसार, यह गलती पिछले हफ्ते नागपुर में उत्तराखंड के खिलाफ झारखंड के मैच के आखिरी ओवर में हुई। 135 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए, 19 ओवर के बाद झारखंड का स्कोर 127/7 था, उसे जीत के लिए 6 गेंदों पर 8 रन की दरकार थी।
टीम ने शुरुआती 3 गेंदों पर 3 रन लिए, जिसके बाद उन्हें अगली 3 गेंदों पर 5 रनों की दरकार थी, लेकिन चौथी गेंद पर डबल चुराने की कोशिश में लक्ष्मी कुमारी रन आउट हो गईं। रिपोर्ट के मुताबिक, आउट होने से पहले ही बल्लेबाज 'एक रन' पूरा कर चुकी थीं, लेकिन स्कोरर्स ने उस रन को दर्ज नहीं किया और सिर्फ 'रन आउट' को रिकॉर्ड किया। ऐसे में झारखंड को आखिरी 2 गेंदों पर 5 रनों की जरूरत थी।