विमेंस प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) 2027 की नीलामी सूची में पांचों फ्रेंचाइजी की मांग पर चार और खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। साथ ही, भारत की विकेटकीपर-बल्लेबाज जी. कमलिनी पूरे सत्र के लिए उपलब्ध रहेंगी। यह जानकारी एक सूत्र ने 'आईएएनएस' को दी।
2027 डब्ल्यूपीएल ऑक्शन पूल में अब कुल 150 खिलाड़ी हो गए हैं। इसमें शामिल होने वाले नए खिलाड़ियों में दिल्ली की ऑलराउंडर मेधावी बिधूड़ी और समायरा राघव, न्यूजीलैंड की तेज गेंदबाज ब्री इलिंग, और उत्तर प्रदेश की गेंदबाज अवन्या जैन शामिल हैं। ऑक्शन बुधवार को कोच्चि में शाम 5:30 बजे शुरू होगा।
सूत्र ने मंगलवार को 'आईएएनएस' को बताया, "हां, आज हुई ऑक्शन ब्रीफिंग के दौरान चार खिलाड़ियों को लिस्ट में जोड़ा गया, जिसकी जानकारी सभी पांच टीमों को दे दी गई है। टीमों को यह भी बताया गया कि जी. कमलिनी डब्ल्यूपीएल 2027 के लिए पूरी तरह उपलब्ध हैं, क्योंकि वह अंडर-19 वर्ल्ड कप 2027 में नहीं खेल रही हैं।"