ऑस्ट्रेलिया ने डरबन के किंग्समीड मैदान पर हुए पहले टेस्ट मैच में साउथ अफ्रीका को 214 रनों से हरा दिया है। इस जीत के साथ ही ऑस्ट्रेलिया ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) में पहले स्थान पर अपनी पोजीशन को और मजबूत कर लिया है। हार के साथ साउथ अफ्रीका की टीम दूसरे नंबर की पोजीशन गंवा बैठी है।
जोश हेजलवुड ने करियर का बेस्ट प्रदर्शन करते हुए दूसरी पारी में 49 रन देकर 6 विकेट लिए, जिससे ऑस्ट्रेलिया ने पहले टेस्ट के पांचवें दिन साउथ अफ्रीका की पूरी टीम को 206 रनों पर समेटा। ऑस्ट्रेलिया की ओर से बल्लेबाजी में मैट रेनशॉ ने पहली पारी में 190 रनों की दमदार पारी खेली, जबकि दूसरी इनिंग में भी 82 रनों का योगदान दिया। इसके साथ ही उन्होंने गेंदबाजी में 2 विकेट भी चटकाए।
डरबन टेस्ट में मिली हार के साथ टेम्बा बावुमा का एक शानदार विश्व रिकॉर्ड भी टूट गया। बावुमा की कप्तानी में साउथ अफ्रीका ने अब तक खेले 12 टेस्ट मैचों में से एक में भी हार का सामना नहीं किया था, जो एक विश्व रिकॉर्ड था। इस मैच के नतीजे से डब्ल्यूटीसी की प्वाइंट्स टेबल में भी बड़ा फेरबदल हुआ है। जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया ने नंबर एक की पोजीशन पर अपनी पकड़ को और भी मजबूत कर लिया है। वहीं, मौजूदा चैंपियन हार के साथ अब तीसरे पायदान पर खिसक गई है। न्यूजीलैंड डब्ल्यूटीसी टेबल में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है।