वेस्टइंडीज ने ढाका के शेर-ए-बांग्ला क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए पहले टेस्ट मैच में बांग्लादेश को 8 विकेट से हराया। वेस्टइंडीज की जीत से टीम इंडिया को वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) की प्वाइंट्स टेबल में फायदा पहुंचा है।
पहले टेस्ट में हार के साथ ही बांग्लादेश अब डब्ल्यूटीसी की प्वाइंट्स टेबल में पांचवें नंबर पर खिसक गया है। टीम को एक पायदान का नुकसान झेलना पड़ा है। वहीं, बांग्लादेश की हार के बाद भारतीय टीम एक स्थान ऊपर चढ़कर पांचवें से चौथे नंबर पर आ गया है। भारत का जीत प्रतिशत 51.52 है। बांग्लादेश का जीत प्रतिशत अब 47.62 हो गया है। वहीं, जीत के बावजूद वेस्टइंडीज आठवें पायदान पर बना हुआ है।
कैरेबियाई टीम का जीत प्रतिशत 26.92 हो गया है। ऑस्ट्रेलिया की डब्ल्यूटीसी की प्वाइंट्स टेबल में बादशाहत बरकरार है। कंगारू टीम का जीत प्रतिशत 75 है जबकि न्यूजीलैंड 72.22 के जीत प्रतिशत के साथ टेबल में दूसरे स्थान पर काबिज है। साउथ अफ्रीका 66.67 के जीत प्रतिशत के साथ तीसरे नंबर पर मौजूद है।