भारत के पूर्व बल्लेबाज वूरकेरी वेंकट रमन का कहना है कि श्रीलंका के खिलाफ शनिवार से शुरू हो रहे पहले टेस्ट के लिए वह प्लेइंग इलेवन में ध्रुव जुरेल के ऊपर सरफराज खान को तरजीह देना पसंद करेंगे। उन्होंने कहा कि मेहमान टीम को मिडिल ऑर्डर में एक ऐसे मुख्य बल्लेबाज की जरूरत है जो मेजबान टीम की स्पिन गेंदबाजी अटैक पर अटैक कर सके।
श्रीलंका के खिलाफ सीरीज की शुरुआत करते हुए भारत को देवदत्त पडिक्कल, जुरेल और सरफराज में से किसी दो बल्लेबाजों को चुनना होगा। साई सुदर्शन की गैर-मौजूदगी में पडिक्कल का नंबर तीन की जगह पक्की मानी जा रही है, इसलिए असल मुकाबला जुरेल और सरफराज के बीच होगा।
"मेरा मानना है कि टेस्ट मैच में आपको स्पेशलिस्ट खिलाड़ी को चुनना चाहिए। ध्रुव जुरेल ने विकेटकीपर-बल्लेबाज के तौर पर अच्छा प्रदर्शन किया है। वह कुछ रन भी बनाते हैं। हालांकि, सरफराज खान ने भी अच्छा प्रदर्शन किया है। इसी वजह से मुझे लगता है कि अगर आपने उन्हें टेस्ट क्रिकेट के लिए स्पेशलिस्ट बल्लेबाज के तौर पर टीम में चुना है, तो मैं उनके साथ जाना पसंद करूंगा। वह स्पिन के भी बहुत अच्छे खिलाड़ी हैं। वह एक अटैकिंग विकल्प हो सकते हैं।"