New Chandigarh: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 की शुरुआत 28 मार्च से होने जा रही है, जिससे पहले डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को बड़ा झटका लगा है। तेज गेंदबाज यश दयाल निजी कारणों के चलते पूरे टूर्नामेंट से बाहर रहेंगे। फ्रेंचाइजी ने मंगलवार को इसकी पुष्टि की है। आरसीबी 28 मार्च को बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच के साथ अपना अभियान शुरू करने जा रही है।
दयाल का ट्रेनिंग सेशन से नदारद रहना और टीम बस के पोस्टर पर उनकी तस्वीर का न होना, पहले ही उनके बाहर होने की अफवाहों को हवा दे चुका था। अब आरसीबी के क्रिकेट डायरेक्टर, मो बोबाट ने उनके बाहर होने से जुड़े सभी शक दूर कर दिए हैं।
बोबाट ने यह भी कहा कि भले ही दयाल टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं ले रहे हैं, लेकिन फिर भी वह कॉन्ट्रैक्ट का हिस्सा बने रहेंगे। टीम मैनेजमेंट इस मुश्किल समय में भी खिलाड़ी का साथ देता रहेगा।