सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में हरियाणा के खिलाफ खेले गए मुकाबले में मुंबई की तरफ से खेलते हुए सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने तूफानी शतक लगाते हुए शुभमन गिल की मुश्किल बढ़ा दी है। जायसवाल का शतक गिल की भारतीय टी20 टीम में जगह को खतरे में डाल सकता है।
पुणे के डीवाई पाटिल एकेडमी में खेले गए मुकाबले में हरियाणा ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 3 विकेट के नुकसान पर 234 रन बनाए थे। मुंबई को जीत के लिए 235 रन का विशाल लक्ष्य मिला था। जायसवाल ने अपनी तूफानी बल्लेबाजी से न सिर्फ इस लक्ष्य को बौना साबित किया बल्कि अपनी टीम को 15 गेंद पहले 4 विकेट से जीत दिला दी।
पारी की शुरुआत करने उतरे यशस्वी जायसवाल ने 50 गेंद पर 16 चौके और 1 छक्के की मदद से 101 रन की पारी खेली। इस दौरान 23 गेंद पर उन्होंने अर्धशतक और 48 गेंद पर शतक लगाया। जायसवाल को सरफराज खान का अच्छा साथ मिला। सरफराज ने भी तूफानी बल्लेबाजी की और मात्र 25 गेंद पर 9 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 64 रन बनाए। दोनों के बीच 37 गेंद पर 88 रन की तूफानी साझेदारी हुई।