न्यूजीलैंड दौरे के लिए भारत की टेस्ट और टी20 टीम का ऐलान कर दिया गया है। हालांकि, इस टीम में कुछ खिलाड़ियों के सिलेक्शन और कुछ प्लेयर्स को नजरअंदाज करने के कारण सिलेक्टर्स पर सवाल उठ रहे हैं।
यशस्वी का नाम फिर गायब : पिछली कुछ वनडे सीरीज में यशस्वी जायसवाल को भारतीय टीम में जगह दी जा रही थी। माना जा रहा था कि टीम मैनेजमेंट अगले साल होने वाले विश्व कप के लिए यशस्वी को बतौर बैकअप ओपनर टीम में शामिल करना चाहते हैं। हालांकि, वो अलग बात है कि यशस्वी को प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली।
न्यूजीलैंड दौरे के लिए चुनी गई टीम में अब यशस्वी को रखा नहीं गया है और उनके स्थान पर ऋतुराज गायकवाड़ को जगह दी गई है। यहां तक कि चौथे और पांचवें वनडे, जिसमें शुभमन गिल टीम में नहीं होंगे, उसमें भी यशस्वी को मौका नहीं मिल सका है, जो काफी चौंकाने वाला है। यशस्वी ने 50 ओवर के फॉर्मेट में मौका मिलने पर अपनी काबिलियत को लगातार साबित किया है।