World Cup Final: भारतीय महिला क्रिकेट टीम के लिए साल 2025 यादगार रहा था। 2 नवंबर को दक्षिण अफ्रीका को हराकर भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने वनडे विश्व कप जीता था। भारतीय टीम का यह पहला आईसीसी खिताब था। 2026 भी भारतीय महिला टीम के लिए यादगार और ऐतिहासिक हो सकता है।
साल 2025 में पहली बार वनडे विश्व कप जीतने वाली भारतीय महिला टीम के पास साल 2026 में अपना पहला टी20 विश्व कप जीतने का मौका है। टी20 विश्व कप का आयोजन इंग्लैंड में 12 जून से लेकर 5 जुलाई तक होना है। अगर वनडे विश्व कप की तरह भारतीय टीम टी20 विश्व कप जीतने में कामयाब रहती है, तो ये ऐतिहासिक होगा।
महिला टी20 विश्व कप 2026 विश्व कप का 10वां संस्करण होगा। पिछले 9 संस्करणों में 6 बार ऑस्ट्रेलिया विजेता रही है। इंग्लैंड, वेस्टइंडीज और न्यूजीलैंड ने एक-एक बार खिताब जीता है। टी20 विश्व कप के इतिहास में भारतीय महिला क्रिकेट टीम का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2020 में आया था, जब टीम फाइनल में पहुंची थी। हालांकि, तब ऑस्ट्रेलिया विजयी रही थी। इसके अलावा, भारतीय टीम 2009, 2010 और 2018 में सेमीफाइनल खेल चुकी है।