भारत के पूर्व बल्लेबाज सुरेश रैना ने अजिंक्य रहाणे के इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद उनकी जमकर तारीफ की है। उन्होंने कहा कि दाएं हाथ के इस बल्लेबाज की विनम्रता, दृढ़ संकल्प और भारतीय क्रिकेट में दिए गए अहम योगदान के कारण हमेशा ही सभी से सम्मान पाया।
भारत के लिए 85 टेस्ट, 90 वनडे और 20 टी20 इंटरनेशनल मैच खेलने वाले रहाणे ने गुरुवार को इंटरनेशनल क्रिकेट और सभी फॉर्मेट से रिटायरमेंट की घोषणा की। अपनी बेहतरीन तकनीक और विदेशी हालात में शानदार प्रदर्शन के लिए मशहूर रहाणे ने 2020/21 में ऑस्ट्रेलिया में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी सीरीज में भारत को ऐतिहासिक जीत दिलाई थी।
रैना ने रहाणे की तारीफ करते हुए अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "क्या शानदार सफर रहा अजिंक्य रहाणे। बेहतरीन करियर के लिए बधाई। आपके साथ ड्रेसिंग रूम और मैदान शेयर करना हमेशा खुशी की बात रही। आपकी विनम्रता, दृढ़ संकल्प और टीम के प्रति प्रतिबद्धता ने हमेशा सबका सम्मान जीता। इस नए चैप्टर में आपको और आपके परिवार को ढेर सारी खुशियां और सफलता मिले। ऐसे ही प्रेरित करते रहें। भारतीय क्रिकेट के लिए आपने जो कुछ भी किया है, उसके लिए धन्यवाद।"