भारतीय टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत द्वारा उत्तराखंड में जमीन खरीदने को लेकर लगाई गई गुहार का जवाब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दिया है। मुख्यमंत्री ने पंत की तारीफ करते हुए उन्हें उत्तराखंड का गौरव बताया। इसके साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि विकेटकीपर बल्लेबाज की हरसंभव मदद की जाएगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने पंत की गुहार का जवाब देते हुए अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "ऋषभ, आप उत्तराखंड के गौरव हैं। आपने अपने शानदार खेल और उपलब्धियों से देश-दुनिया में देवभूमि का नाम रोशन किया है। अपनी मातृभूमि के प्रति आपका यह प्रेम और यहां वापस आकर योगदान देने की भावना अत्यंत सराहनीय है। आपके द्वारा उठाए गए विषय के संबंध में संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया जा रहा है। वे शीघ्र ही आपसे संपर्क कर नियमानुसार हरसंभव सहयोग सुनिश्चित करेंगे।"
दरअसल, पंत ने अपने एक्स पर मुख्यमंत्री पुष्कर धामी से उत्तराखंड में जमीन खरीदने के लिए मदद करने की गुहार लगाई थी। पंत ने अपने ट्वीट में लिखा, "हेलो, पुष्कर सिंह धामी सर। आप कैसे हैं? उत्तराखंड का मूल निवासी होने के नाते, मुझे यहां आए हुए काफी समय हो गया है। मैं दिल्ली से उत्तराखंड शिफ्ट होने के लिए जमीन खरीदने की कोशिश कर रहा हूं, लेकिन रहने के लिए कोई अच्छी और बड़ी जगह नहीं मिल पा रही है। मुझे अपना उत्तराखंड बहुत पसंद है। मेरी आपसे विनम्र विनती है कि जमीन खरीदने में मेरी मदद करें, क्योंकि आजकल साफ-सुथरी जमीन मिलना बहुत मुश्किल हो गया है।"