श्रीलंका अंडर-19 टीम ने गुरुवार को महिंदा राजपक्षे इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए यूथ वनडे सीरीज के तीसरे और अंतिम मुकाबले को 1 विकेट से अपने नाम किया। इसी के साथ मेजबान टीम ने सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली है।
भारत की अंडर-19 टीम ने सीरीज का पहला मैच 4 विकेट से अपने नाम किया था। इसके बाद श्रीलंकाई टीम ने अगले मुकाबले को 8 विकेट से जीतकर सीरीज के अंतिम मैच को निर्णायक बना दिया था। यूथ वनडे सीरीज अपने नाम करने के बाद श्रीलंकाई टीम 13 जुलाई से दो अनाधिकारिक टेस्ट मुकाबलों की सीरीज खेलेगी।
हम्बनटोटा में खेले गए इस मुकाबले में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 8 विकेट खोकर 290 रन बनाए। भारतीय टीम ने 31 के स्कोर तक कप्तान यशबर्धन चौहान (6) और रजत बघेल (8) के विकेट गंवा दिए थे। यहां से वीके विनीत ने लक्ष्य रायचंदानी के साथ तीसरे विकेट के लिए 117 गेंदों में 108 रन जोड़कर टीम को संभाला। लक्ष्य 63 गेंदों में 7 चौकों के साथ 61 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद विनीत ने मोर्चा संभाले रखा।