भारत की अंडर-19 टीम ने निरंजन शाह स्टेडियम में जारी अनाधिकारिक टेस्ट सीरीज के पहले मैच में अपनी मजबूत पकड़ बना ली है। चार दिवसीय मुकाबले के दूसरे दिन मेजबान टीम ने लक्ष्य रायचंदानी के दोहरे शतक के साथ अपनी पहली पारी में 8 विकेट खोकर 430 रन बनाए लिए हैं। इसी के साथ भारतीय टीम के पास 213 रन की शानदार बढ़त है।
मुकाबले में टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम अपनी पहली पारी में सिर्फ 217 रन पर सिमट गई। मेहमानों ने 27 के स्कोर तक 3 विकेट गंवा दिए थे, जिसके बाद ब्लेक केटल ने जेड हॉलिक के साथ चौथे विकेट के लिए 147 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 174 के स्कोर तक पहुंचाया, लेकिन इस जोड़ी के टूटने के बाद विकेटों का पतझड़ लग गया।
ब्लेक ने 198 गेंदों में 14 चौकों के साथ 102 रन बनाए, जबकि हॉलिक ने 7 चौकों के साथ 59 रन की पारी खेली। इनके अलावा, एली ब्रेन ने नाबाद 25 रन टीम के खाते में जोड़े। भारतीय खेमे से ईशान ओम ने 53 रन देकर 5 विकेट झटके, जबकि मोहित उल्वा ने 3 विकेट हासिल किए। इनके अलावा, कप्तान यशबर्धन चौहान ने 2 विकेट अपने नाम किए।