ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 टीम के खिलाफ नरेंद्र मोदी स्टेडियम में जारी अनौपचारिक टेस्ट सीरीज के दूसरे मुकाबले में इंडिया अंडर-19 ने अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। अपनी पहली पारी में 315 रन बनाने के बाद मेजबानों ने ऑस्ट्रेलियाई टीम की दूसरी पारी में 86 रन तक 4 विकेट हासिल कर लिए हैं। दूसरे दिन की समाप्ति तक ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 के पास सिर्फ 55 रन की बढ़त है।
चार दिवसीय मुकाबले में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम पहली पारी में सिर्फ 174 रन पर सिमट गई। इस टीम ने 65 रन तक अपने 6 विकेट गंवा दिए थे, जिसके बाद जैकब पीत्ज ने चार्ली हेंडरसन के साथ सातवें विकेट के लिए 70 रन जुटाते हुए टीम को शतक के पार पहुंचाया।
इस पारी में चार्ली हेंडरसन ने सर्वाधिक 37 रन बनाए, जबकि नील पटेल ने 31 रन की पारी खेली। इनके अलावा, जैकब पीत्ज ने 26 रन और पैट्रिक सुलिवन ने 20 रन जोड़े। भारत के लिए तन्मय बलोदा ने 32 रन देकर 6 विकेट चटकाए, जबकि अयान अकरम ने 2 विकेट हासिल किए।