भारत और ऑस्ट्रेलिया की अंडर-19 टीमों के बीच सोमवार से टेस्ट सीरीज के दूसरे और अंतिम अनौपचारिक मैच की शुरुआत हो गई है। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में जारी इस मुकाबले के पहले दिन ऑस्ट्रेलिया को 174 रन पर समेटने के बाद भारत ने 2 विकेट खोकर 38 रन बना लिए हैं।
टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम पहली पारी में 73 ओवरों का सामना कर सकी। इस टीम ने महज 7 के स्कोर पर कप्तान मैथ्यू लॉफ (5) का विकेट गंवा दिया था, जिसके बाद नील पटेल ने मोर्चा संभाला। नील ने हेडन बारबुलोविक के साथ दूसरे विकेट के लिए 21 रन, जबकि एली ब्रेन के साथ तीसरे विकेट के लिए 22 रन जोड़कर टीम को 50 के स्कोर तक पहुंचाया।
हेडन ने टीम के खाते में 8 रन का योगदान दिया, जबकि एली 4 रन बनाकर आउट हुए। 59 के स्कोर तक ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 ने नील पटेल का विकेट भी गंवा दिया, जो 58 गेंदों में 2 चौकों के साथ 31 रन बनाकर पवेलियन लौटे।