यूथ टेस्ट: सागर-लक्ष्य के बीच 186 रन की अटूट साझेदारी, दूसरे दिन तक भारत की शानदार वापसी (Image Source: IANS)
भारत की अंडर-19 टीम ने मंगलवार को गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम में श्रीलंका अंडर-19 को करारा जवाब दिया है। श्रीलंकाई टीम ने चार दिवसीय अनाधिकारिक टेस्ट मैच में अपनी पहली पारी 424/9 के स्कोर पर घोषित की, जिसके जवाब में मेहमान टीम ने दूसरे दिन की समाप्ति तक बगैर कोई विकेट गंवाए 186 रन बना लिए हैं।
टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंका अंडर-19 टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। मेजबान टीम ने महज 3 रन तक अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट गंवा दिए थे। यहां से सेनूजा वेकुनागोडा ने मोर्चा संभाला। उन्होंने कप्तान विमथ दिनसारा के साथ तीसरे विकेट के लिए 143 रन जोड़े।
दिनसारा 9 चौकों के साथ 52 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद सेनुजा ने कविजा गमागे (49) के साथ चौथे विकेट के लिए 128 रन और चमिका हीनातिगाला (45) के साथ पांचवें विकेट के लिए 111 रन की साझेदारी की।