दिल्ली कैपिटल्स ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2027 के लिए युवराज सिंह को सहायक और बल्लेबाजी कोच नियुक्त किया है। फ्रेंचाइजी ने मंगलवार को इस बात की घोषणा की।
304 वनडे, 40 टेस्ट और 58 टी20 इंटरनेशनल मैच खेलने वाले और कई बार वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रहे 44 वर्षीय युवराज ने हाल के वर्षों में कई स्थापित और उभरते हुए भारतीय खिलाड़ियों को मेंटर किया है। यह उनकी पहली औपचारिक कोचिंग भूमिका है और युवराज दिल्ली कैपिटल्स के साथ आईपीएल में कोचिंग की शुरुआत करने जा रहे हैं।
इस नियुक्ति के साथ युवराज की दिल्ली फ्रेंचाइजी में वापसी भी हो रही है। 2015 में फ्रेंचाइजी (तब दिल्ली डेयरडेविल्स) ने उन्हें रिकॉर्ड 16 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया था, जिससे वह उस समय आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए थे। उन्होंने उस सीजन में टीम के लिए सभी 14 मैच खेले थे।