आईपीएल 2026 के 49वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने पंजाब किंग्स को 33 रन से हराकर टूर्नामेंट में अपनी सातवीं जीत हासिल कर ली और अंक तालिका में 14 अंकों के साथ पहला स्थान भी हासिल कर लिया। इस मैच में सनराइजर्स हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 235 रन बनाए थे लेकिन पंजाब किंग्स की टीम निर्धारित 20 ओवरों में 202 रन ही बना पाई और 33 रन से ये मैच हार गई।
मैच में पंजाब किंग्स ने टॉस जीतकर सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ पहले फील्डिंग का फैसला किया लेकिन हैदराबाद के बल्लेबाजों ने श्रेयस अय्यर के इस फैसले को गलत साबित करते हुए स्कोरबोर्ड पर 235 रनों का बड़ा स्कोर लगा दिया। हैदराबाद के लिए उनके ओपनर्स ने एक बार फिर से तूफानी शुरुआत की और 3.3 ओवर्स में ही 54 रन बना दिए।
अभिषेक शर्मा ने आउट होने से पहले 13 गेंदों में 35 रनों की तूफानी पारी खेली जबकि ट्रेविस हेड ने भी 19 गेंदों में 38 रन बनाए। इसके बाद नंबर तीन पर आए ईशान किशन ने मोर्चा संभाला और पंजाब के गेंदबाजों की धुनाई करते हुए 32 गेंदों में 55 रन बना दिए। किशन के आउट होने के बाद भी रनों का सिलसिला नहीं रुका और हेनरिक क्लासेन ने भी (69) अर्द्धशतक लगाकर अपनी टीम को 200 के पार ले जाने में अहम भूमिका निभाई। अंत में नीतिश कुमार रेड्डी ने भी 29 रनों का अहम योगदान दिया जिसके चलते सनराइजर्स हैदराबाद की टीम निर्धारित 20 ओवरों में 4 विकेट खोकर 235 रन बनाने में सफल रही।