भारत के पूर्व टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव ने क्रिकेटरों से अपील की है कि वे दूसरे खेलों को बढ़ावा देने के लिए अपने प्रभाव का इस्तेमाल करें। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि अलग-अलग खेलों के भारतीय खिलाड़ी एक ही राष्ट्रीय खेल इकोसिस्टम का हिस्सा हैं।
राष्ट्रीय खेल दिवस पर 'आईएएनएस' से बात करते हुए सूर्यकुमार ने कहा कि यह दिन उन मूल्यों की याद दिलाता है जो खेल सिखाते हैं और भारत का प्रतिनिधित्व करने के साथ आने वाली जिम्मेदारी का भी एहसास कराता है। सूर्यकुमार ने कहा, "मुझे लगता है कि राष्ट्रीय खेल दिवस का मतलब है कि खेल आपको क्या सिखाते हैं। क्रिकेट के नजरिए से देखें तो भारतीय जर्सी पहनना बहुत मायने रखता है। हम सिर्फ 11 खिलाड़ियों या स्क्वाड के 15 खिलाड़ियों का प्रतिनिधित्व नहीं करते, हम लगभग 1.4 अरब लोगों के सपनों का भी प्रतिनिधित्व करते हैं।"
भारत के इस खिलाड़ी ने कहा कि राष्ट्रीय जर्सी में हर बार मैदान पर उतरने के साथ पूरे देश की उम्मीदें और आकांक्षाएं जुड़ी होती हैं। उन्होंने कहा, "यह दिन मुझे याद दिलाता है कि जब भी हम मैदान पर कदम रखते हैं, तो हम अपने पूरे देश की भावना को साथ लेकर चलते हैं।"