चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच खेले जा रहे आईपीएल 2026 के मुकाबले में सूर्यकुमार यादव ने कीरोन पोलार्ड को पीछे छोड़ते हुए मुंबई इंडियंस की खास लिस्ट में टॉप-2 में अपनी जगह बनाई। अब इस लिस्ट में उनसे आगे सिर्फ रोहित शर्मा हैं।
चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में शनिवार (2 मई) को खेले जा रहे आईपीएल 2026 के 44वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस के स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव का बल्ला भले ही इस सीजन एक बार फिर ज्यादा नहीं चला, लेकिन उन्होंने इतिहास रच दिया। सूर्यकुमार यादव को इस मुकाबले से पहले कीरोन पोलार्ड के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ने के लिए सिर्फ 4 रन की जरूरत थी और वह यह उपलब्धि हासिल करते ही मुंबई इंडियंस के लिए आईपीएल में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।
हालांकि इस मैच में सूर्यकुमार यादव ज्यादा बड़ी पारी नहीं खेल सके और 12 गेंदों में 21 रन बनाकर आउट हो गए, लेकिन उनका यह छोटा सा योगदान भी उन्हें इतिहास के पन्नों में दर्ज कराने के लिए काफी रहा। अब तक सूर्यकुमार यादव मुंबई इंडियंस के लिए आईपीएल में 123 मैचों में 121 पारियां खेल चुके हैं, जिसमें उन्होंने 37.10 की शानदार औसत और 151.15 की स्ट्राइक रेट से 3933 रन बनाए हैं। इस दौरान उनकी बल्लेबाजी टीम के लिए लगातार अहम साबित हुई है।