Suryakumar Yadav Record: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 (IPL 2026) का आठवां मुकाबला शनिवार, 04 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस (DC vs MI) के बीच अरुण जेटली स्टेडियम, दिल्ली में खेला जाएगा। गौरतलब है कि इस मुकाबले में मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) के दिग्गज बल्लेबाज़ सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) एक बेहद ही खास रिकॉर्ड बना सकते हैं।
जी हां, ऐसा ही हो सकता है। दरअसल, इस मुकाबले में 35 वर्षीय सूर्यकुमार यादव अपनी इनिंग में दो छक्के ठोकते हैं तो वो टी20 में मुंबई इंडियंस के लिए अपने 150 छक्के पूरे कर लेंगे और इसी के साथ एमआई के लिए ऐसा करने वाले सिर्फ और सिर्फ तीसरे खिलाड़ी बन जाएंगे। फिलहाल उनके नाम 115 मैचों की 113 पारियों में 148 छक्के दर्ज हैं।
बता दें कि मुंबई इंडियंस के लिए अब तक सिर्फ रोहित शर्मा और कीरोन पोलार्ड ही 150 या उससे ज्यादा छक्के जड़ने का कारनामा कर पाए हैं। रोहित शर्मा के नाम 237 मैचों की 233 पारियों में 273 छक्के दर्ज हैं और वो मुंबई इंडियंस के लिए सर्वाधिक छक्के मारने वाले खिलाड़ी हैं। बात करें अगर कीरोन पोलार्ड की तो उन्होंने MI के लिए 211 मैचों की 193 पारियों में 258 छक्के ठोके हैं।