IPL 2026, Rajasthan Royals vs Sunrisers Hyderabad: जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में शनिवार (25 अप्रैल) को खेले गए आईपीएल 2026 के इस हाई स्कोरिंग मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने राजस्थान रॉयल्स को 5 विकेट से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए RR ने वैभव सूर्यवंशी के तूफानी शतक के चलते 228 रन बनाए, लेकिन अभिषेक शर्मा और ईशान किशन की विस्फोटक पारियों के दम पर SRH ने 9 गेंद शेष रहते ही लक्ष्य हासिल कर लिया।
आईपीएल 2026 के 36वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान रॉयल्स को वैभव सूर्यवंशी ने शानदार शुरुआत दिलाई।
सूर्यवंशी ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए ध्रुव जुरेल के साथ दूसरे विकेट के लिए 62 गेंदों में 112 रन की शतकीय साझेदारी की। जुरेल ने 35 गेंदों में 51 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। वहीं वैभव सूर्यवंशी ने इस मैच में तूफानी अंदाज जारी रखते हुए सिर्फ 36 गेंदों में शतक जड़ दिया और 37 गेंदों में 103 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 5 चौके और 12 छक्के शामिल रहे। आखिरी के ओवरों में डोनोवन फरेरा ने 16 गेंदों में 33 रन बनाकर टीम को 20 ओवर में 228 रन तक पहुंचाया।