टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में अपने पहले मैच की पूर्व संध्या पर संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने बल्लेबाज मुहम्मद जोहैब (Muhammad Zohaib) को अनुशासनात्मक कारणों से वापस घर भेज दिया गया। एमिरेट्स क्रिकेट बोर्ड ने सोमवार को बयान जारी कर इस बारे में बताया और कहा उचित समय पर अतिरिक्त जानकारी दी जाएगी।
मंगलवार (10 फरवरी) को यूएई चेन्नई में न्यूजीलैंड के खिलाफ अपना पहला मैच खेलेगी, जो 2022 के बाद टूर्नामेंट में उसका पहला मुकाबला होगा। टॉप ऑर्डर बल्लेबाज के जाने से यूएई के बल्लेबाजी क्रम पर दबाव बढ़ेगा जो शुक्रवार को इटली के खिलाफ हुए वॉर्मअप मैच में 81 रन पर ऑलआउट हो गई थी।
जोहैब ने इटली के खिलाफ मुकाबले में नंबर 9 पर बल्लेबाजी की थी और नेपाल के खिलाफ हुए यूएई के पहले वॉर्मअप मैच में उन्होंने नंबर 3 पर बल्लेबाजी करते हुए 26 गेंदों में 19 रन की पारी खेली। यूएई ने पहले ही 21 साल के आर्यांश शर्मा को अपने कप्तान मुहम्मद वसीम के साथ टॉप ऑर्डर में जगह दे दी है।