PAK vs SL 2nd Test: पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच मंगलवार (17 नवंबर) से रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में दूसरे टेस्ट खेला जा रहा है। इस मुकाबले में पाकिस्तान के गेंदबाजों ने शुरुआत से ही श्रीलंकाई बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा और पूरी टीम को पहली पारी में सिर्फ 98 रन पर समेट दिया। इस दौरान पाकिस्तान के 20 वर्षीय युवा बल्लेबाज तैयब आरिफ (Tayyab Arif) ने अपनी शानदार फील्डिंग से महफिल लूट ली। उन्होंने शॉर्ट कवर पर डाइव लगाते हुए कामिंडु मेंडिस (Kamindu Mendis) का बेहतरीन कैच पकड़ा।
यह वाकया श्रीलंका की पहली पारी के 12वें ओवर में देखने को मिला। पाकिस्तान के तेज गेंदबाज मोहम्मद अब्बास गेंदबाजी कर रहे थे और उन्होंने दूसरी गेंद करीब 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से थोड़ी शॉर्ट लेंथ पर डाली। पिच पर पड़ने के बाद गेंद थोड़ी रुककर आई, जिस वजह से कामिंडु मेंडिस टाइमिंग नहीं बना पाए और गेंद हवा में शॉर्ट कवर की दिशा में चली गई।
वहां तैनात तैयब आरिफ ने गेंद पर नजर बनाए रखी और तेजी से अपनी बाईं तरफ डाइव लगाते हुए शानदार कैच लपक लिया। कामिंडु मेंडिस 16 गेंदों में 8 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इस विकेट के साथ श्रीलंका की मुश्किलें और बढ़ गईं, क्योंकि टीम ने 25 रन पर अपना बल्लेबाज खो दिया था।