टी20 वर्ल्ड कप 2026 फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ जीत के बाद हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में ईशान किशन और अभिषेक शर्मा के बीच एक मजेदार बातचीत ने सबका ध्यान खींच लिया। दोनों खिलाड़ियों ने फाइनल में शानदार पारियां खेलीं और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। इसी दौरान ईशान ने अभिषेक की फॉर्म को लेकर एक मजेदार कमेंट किया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रन से हराने के बाद टीम इंडिया के खिलाड़ियों का आत्मविश्वास और खुशी साफ नजर आ रही थी। मैच के बाद आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में भी कुछ ऐसा ही माहौल देखने को मिला, जब भारतीय बल्लेबाज ईशान किशन और अभिषेक शर्मा के बीच हल्की-फुल्की नोकझोंक ने माहौल को मजेदार बना दिया।
फाइनल मुकाबले में दोनों बल्लेबाजों ने शानदार पारियां खेलीं। अभिषेक शर्मा ने सिर्फ 21 गेंदों में 52 रन बनाए, जबकि ईशान किशन ने 25 गेंदों में 54 रन की तेज पारी खेलकर टीम के स्कोर को मजबूती दी। गौरतलब है कि फाइनल से पहले अभिषेक शर्मा की फॉर्म को लेकर काफी चर्चा हो रही थी क्योंकि टूर्नामेंट में वह लगातार तीन बार शून्य पर आउट हुए थे।