शुक्रवार, 15 दिसंबर को मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) ने 36 वर्षीय रोहित शर्मा (Rohit Sharma) को हटाकर हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya) को आगामी सीजन के लिए कप्तान बना दिया। इस चीज के बाद रोहित के फैंस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फ्रेंचाइजी की जमकर आलोचना की। अब इस चीज पर पूर्व क्रिकेटर संजय मांजरेकर (Sanjay Manjrekar) ने भी अपनी प्रतिक्रिया जाहिर की है। उन्होंने कहा कि लोगों को ज्यादा भावुक नहीं होना चाहिए। हार्दिक, जिन्होंने वनडे और टी20 में भी भारत की कप्तानी की है उन्हें कप्तान बनाना 'क्रिकेटिंग सेंस' है।
मांजरेकर ने कहा कि, "रोहित शर्मा के बारे में किसी को भावुक या भावनात्मक तौर पर नहीं सोचना चाहिए। मुझे लगता है कि यह एक अच्छा कदम है क्योंकि हार्दिक पांड्या एक शानदार लीडर हैं और उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया है। तो, वह आपके इन-फॉर्म टी20 कप्तान और खिलाड़ी हैं। रोहित लंबे समय से हैं। इसलिए, हार्दिक जैसे खिलाड़ी का होना काफी मायने रखता है। मैं बस यही उम्मीद करता हूं कि उन्हें इस बात का दबाव महसूस न हो कि ट्रांसफर कैसे हुआ और मुंबई इंडियंस उनका इतना समर्थन कर रही है।"
रोहित 2011 में मुंबई के कप्तान बने थे और उसके बाद से उन्होंने 2013, 2015, 2017, 2019 और 2020 में फ्रेंचाइजी को चैंपियन बनाया था। वहीं 2021 आईपीएल के बाद, हार्दिक गुजरात टाइटन्स में चले गए और उन्हें अपने पहले सीज़न में टीम को चैंपियन बनवाया। इसके बाद 2023 में, चेन्नई सुपर किंग्स के साथ हुए फाइनल में गुजरात को हार का सामना करना पड़ा था लेकिन हार्दिक की कप्तानी की तारीफ हुई थी।