आईपीएल 2026 के 11वें मुकाबले में टिम डेविड (Tim David) ने ऐसा छक्का जड़ा, जिसके सामने चिन्नास्वामी स्टेडियम (Chinnaswamy Stadium) भी छोटा पड़ गया। गेंद सीधे स्टेडियम की छत पार कर बाहर जा गिरी और एक फैन ने उसे ढूँढकर इस पल को खास बना लिया।
रविवार (5 अप्रैल) को बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया के स्टार बल्लेबाज टिम डेविड ने अपनी पावर हिटिंग से हर किसी को हैरान कर दिया। इसी दौरान डेविड ने ऐसा गगनचुंबी छक्का लगाया, जो सीधे स्टेडियम के बाहर जा गिरा।
यह पूरा नजारा आरसीबी की पारी के 19वें ओवर में देखने को मिला, जब जेमी ओवरटन गेंदबाजी कर रहे थे। ओवरटन की आखिरी गेंद पर डेविड ने जबरदस्त पुल शॉट खेला और गेंद को डीप स्क्वायर लेग के ऊपर से स्टेडियम की छत के पार पहुंचा दिया। यह छक्का करीब 106 मीटर लंबा था, जिसे देखकर हर कोई दंग रह गया।