क्रिकेट की दुनिया से राजनीति में कदम रखने वाले क्रिकेटर यूसुफ पठान एक बार फिर से चर्चा में हैं और इसकी वजह थोड़ी सी अलग है। दरअसल, तृणमूल कांग्रेस (TMC) की नेता और सांसद महुआ मोइत्रा ने यूसुफ पठान को आड़े हाथों लेते हुए उन्हें फटकार लगाई है। उन्होंने पठान पर तंज कसते हुए कहा कि उन्हें थोड़ी तो हिम्मत दिखानी चाहिए थी।
महुआ ने सोमवार को एक्स पर एक पोस्ट के ज़रिए अपनी ही पार्टी के सांसद पर तंज कसा। ये पोस्ट ऐसे समय में आया है जब खबरें आ रही हैं कि TMC के लगभग 20 बागी सांसदों ने NDA को समर्थन दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्रीय गृह मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता अमित शाह के बुलाने पर पठान दिल्ली जा रहे हैं।
अपने सोशल मीडिया पोस्ट में मोइत्रा ने लिखा, "और यूसुफ पठान, क्या आप इसलिए दिल्ली भाग रहे हैं क्योंकि अमित शाह ने आपको बुलाया है? थोड़ी हिम्मत दिखाइए। आप भारत के लिए खेले हैं। हमारे ज़िले ने आपको भारी अंतर से जिताया है। थोड़ी शर्म और थोड़ी हिम्मत दिखाइए।"