न्यूजीलैंड के कप्तान टॉम लैथम ने कहा है कि भारत के खिलाफ गुरुवार से शुरू हो रहे पहले टेस्ट में तीन विशेषज्ञ तेज गेंदबाज और एक गेंदबाजी ऑलराउंडर के साथ टीम उतरेगी। लैथम ने कहा कि टीम के पास पूरी सीरीज में अपने गेंदबाजी विकल्पों का प्रबंधन करने के लिए गहराई है। वे बहुत आगे की सोचने की जगह पूरा ध्यान शुरुआती टेस्ट पर रखेंगे।
लैथम ने मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "हम तीन तेज गेंदबाज और एक गेंदबाजी ऑलराउंडर खिलाएंगे। हम लकी हैं कि हमारे पास बहुत सारे तेज गेंदबाज हैं, जो लगभग पूरी तरह से फिट हैं। यह पहले से प्लान करना मुश्किल है कि खिलाड़ी कौन से गेम खेलेंगे, लेकिन हम कोशिश कर रहे हैं कि मैचों के दौरान क्या होता है और वर्कलोड के मामले में थोड़ा लचीला रहें। हम अगले छह या सात हफ्तों में यह देखने की कोशिश कर रहे हैं कि यह कैसा दिखता है, लेकिन जाहिर है कि हमारा मेन फोकस फिलहाल भारत के खिलाफ पहले टेस्ट पर है।"
लैथम ने यह भी साफ किया कि वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की स्टैंडिंग न्यूजीलैंड के अप्रोच को तय नहीं करेगी। उन्होंने कहा, "वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप टेबल मेरा फोकस नहीं है। हम कंट्रोल करने लायक चीजों को कंट्रोल करेंगे। हम अपनी तरह का क्रिकेट खेलेंगे और खुद को बेस्ट चांस देंगे।"