BAN vs WI 2nd Test: बांग्लादेश के युवा बल्लेबाज तौहीद हृदय (Towhid Hridoy) ने वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे और आखिरी टेस्ट मैच में इतिहास रच दिया। सिलहट इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में हृदय एक टेस्ट मैच में 300 से ज्यादा रन बनाने वाले बांग्लादेश के पहले बल्लेबाज बन गए।
महज 25 साल के हृदय ने इस मुकाबले की पहली पारी में 359 गेंदों में नाबाद 242 रन की ऐतिहासिक पारी खेली थी। इसके बाद उन्होंने दूसरी पारी में भी अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा। सोमवार (9 नवंबर) को मैच के पांचवें दिन उन्होंने 140 गेंदों में 82 रन बनाए। इस तरह दोनों पारियों को मिलाकर उनके खाते में कुल 324 रन हो गए, जो टेस्ट क्रिकेट के एक मैच में किसी भी बांग्लादेशी बल्लेबाज का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है।
इससे पहले यह रिकॉर्ड मोमिनुल हक के नाम था। उन्होंने 2018 में चट्टोग्राम में श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट मैच में दोनों पारियों में शतक लगाते हुए कुल 281 रन बनाए थे। मोमिनुल ने पहली पारी में 176 और दूसरी पारी में 105 रन की पारी खेली थी। अब हृदय ने 324 रन बनाकर उन्हें पीछे छोड़ दिया है। इस लिस्ट में तीसरे स्थान पर नजमुल हुसैन शांतो हैं, जिन्होंने 2025 में श्रीलंका के खिलाफ गॉल टेस्ट में कुल 273 रन बनाए थे।