Trent Boult First T20 Five Wicket Haul: यूरोपियन T20 प्रीमियर लीग 2026 (European T20 Premier League 2026) का तीसरा मुकाबला बीते गुरुवार, 27 अगस्त को वूरबर्ग के स्पोर्टपार्क डुइवेस्टीन में खेला गया था जहां एडिनबर्ग कैसल रॉकर्स (Edinburgh Castle Rockers) ने 11.3 ओवर में 116 रनों का लक्ष्य हासिल करके ग्लासगो कॉस्मिक (Glasgow Cosmics) को 7 विकेट से मात दी। इस मुकाबले के हीरो तेज गेंदबाज़ ट्रेंट बोल्ट (Trent Boult) रहे जिन्होंने शानदार गेंदबाज़ी करके विपक्षी टीम के 5 विकेट चटकाए।
खत्म हुआ 17 साल का इंतजार: ट्रेंट बोल्ट ने साल 2008 में अपने क्रिकेट करियर की शुरुआत की थी और 2009 में अपना पहला टी20 मुकाबला खेला था। ये बात 17 साल पुरानी है। तब से लेकर अब तक वो 317 टी20 मुकाबले खेल चुके हैं। खास बात ये है कि बीते गुरुवार ही उनका 17 साल का इंतजार खत्म हुआ और उन्होंने अपने 316 टी20 मुकाबलों के बाद अपने टी20 करियर का पहला 5 विकेट हॉल हासिल किया। उन्होंने ग्लासगो कॉस्मिक के खिलाफ 4 ओवर में 24 रन देकर 5 विकेट लिए और ये कारनामा किया।
टी20 के दिग्गज गेंदबाज़ों में शामिल: ट्रेंट बोल्ट 37 साल के हो गए हैं और उन्होंने रिटायरमेंट लेकर इंटरनेशनल क्रिकेट से भी दूरी बना ली है। अब वो सिर्फ दुनियाभर में होने वाली टी20 लीग खेलते हैं। ये बाएं हाथ का तेज गेंदबाज़ टी20 फॉर्मेट के माहिर गेंदबाज़ों में गिना जाता है।