Trent Boult Yorks Jonny Bairstow: द हंड्रेड (The Hundred Men's 2026) का 23वां मुकाबला गुरुवार (6 अगस्त) को लंदन के ऐतिहासिक लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर एमआई लंदन (MI London) और लंदन स्पिरिट (London Spirit) के बीच खेला गया। इस मुकाबले में न्यूजीलैंड के पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट ने अपनी क्लास का शानदार नमूना पेश करते हुए इंग्लैंड के अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज जॉनी बेयरस्टो को बेहतरीन यॉर्कर पर क्लीन बोल्ड कर दिया।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी लंदन स्पिरिट की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम को पारी की 14वीं गेंद पर पहला झटका लगा और इसके पीछे सबसे बड़ा हाथ ट्रेंट बोल्ट का रहा।
बोल्ट ने अपने पुराने दिनों की याद दिलाते हुए एक सटीक इनस्विंग यॉर्कर फेंकी। गेंद तेजी से अंदर की ओर आई और आखिरी पल में डिप हुई। जॉनी बेयरस्टो बल्ला नीचे लाने की कोशिश करते रह गए, लेकिन गेंद उनसे पहले स्टंप्स तक पहुंच गई और सीधा लेग स्टंप जाकर टकराई। यह गेंद देखकर साफ लग रहा था कि ट्रेंट बोल्ट के पास आज भी वही घातक यॉर्कर मौजूद है, जिसने सालों तक दुनिया के बड़े-बड़े बल्लेबाजों को परेशान किया।