ट्राई सीरीज के पांचवें मैच में जिम्बाब्वे ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए नामीबिया को 5 विकेट से हराया। नामीबिया से मिले 157 रनों के लक्ष्य को जिम्बाब्वे ने 5 विकेट खोकर 18.1 ओवर में हासिल कर लिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे टीम को बेन करन और ब्रायन बेनेट अच्छी शुरुआत देने में नाकाम रहे। करन सिर्फ 5 रन बनाकर आउट हुए, जबकि बेनेट 17 गेंदों में 22 रन बनाने के बाद पवेलियन लौटे। कप्तान सिकंदर रजा ने बढ़िया बल्लेबाजी करते हुए सूझबूझ भरी पारी खेली और उन्होंने 2 चौकों की मदद से 24 गेंदों में 29 रन बनाए।
इनोसेंट कइया शानदार लय में दिखाई दिए और उन्होंने महज 42 गेंदों का सामना करते हुए 72 रनों की आतिशी पारी खेली। अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने 8 चौके और 3 छक्के लगाए। तदिवानाशे मारुमानी ने अंत में 12 गेंदों में नाबाद 13 रन बनाए, जबकि रयान बर्ल ने चौका और छक्का लगाते हुए टीम को जीत दिलाई।