ACC महिला प्रीमियर कप 2026 में संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की टीम ने इतिहास रच दिया। पहले मैच में UAE ने मलेशिया में सऊदी अरब को बुरी तरह हराकर एक नया कीर्तिमान रच दिया। ईशा ओझा की कप्तानी वाली टीम ने अपने टी-20 एशिया कप क्वालिफ़ाइंग अभियान की शुरुआत रिकॉर्ड तोड़ अंदाज़ में की और महिला टी-20I में संयुक्त रूप से दूसरी सबसे बड़ी जीत दर्ज की।
दरअसल, खास बात ये रही कि सऊदी अरब की टीम इस मैच में 15.3 ओवर में सिर्फ़ 27 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। UAE के लिए सुरक्षा कोटे ने 5 रन देकर 3 विकेट लिए, हीना होटचंदानी ने 4 रन देकर 3 विकेट लिए और कप्तान ईशा ने 9 रन देकर 3 विकेट लिए। इसके बाद लक्ष्य का पीछा करने उतरी UAE की टीम ने सिर्फ़ पांच गेंदों में ही 27 रन चेज़ करके गज़ब का रिकॉर्ड बना दिया।
इस बड़ी जीतके साथ ही, UAE महिला टी-20I टीम क्रिकेट में उन चुनिंदा टीमों के ग्रुप में शामिल हो गई है, जिन्होंने सबसे कम गेंदों में लक्ष्य का पीछा पूरा किया है। इससे पहले सिर्फ़ रवांडा, तंजानिया और थाईलैंड ने ही चार गेंदों में इससे भी तेज़ जीत हासिल की थी। इस मैच का एक और भी खास पहलू था। यही विरोधी टीम चार साल पहले ओमान में हुई गल्फ़ चैंपियनशिप में भी UAE की सबसे तेज़ जीत का शिकार बनी थी।