Shree Charani Unwanted Record: भारतीय महिला क्रिकेट टीम (India Women Cricket Team) की 21 साल की बाएं हाथ की स्पिन गेंदबाज़ श्री चरणी (Shree Charani) रविवार, 01 मार्च को होबार्ट के बेलेरिव ओवल ग्राउंड में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ गेंदबाज़ी करते हुए तीसरे वनडे मुकाबले (AU-W vs IN-W 3rd ODI) में बेहद ही महंगी साबित हुईं। आलम ये रहा कि उन्होंने अपने 10 ओवर में सौ से भी ज्यादा रन लुटाए और इसी के साथ अब उनके नाम एक बेहद ही शर्मनाक रिकॉर्ड दर्ज हो गया है।
जी हां, ऐसा ही हुआ है। सबसे पहले ये जान लीजिए कि इस मुकाबले में श्री चरणी ने अपने कोटे के 10 ओवर में 10.60 की इकोनॉमी से गेंदबाज़ी की और ऑस्ट्रेलिया को 106 रन दे दिए। इस दौरान उन्होंने विपक्षी टीम के सिर्फ दो विकेट लिए। गौर करें कि अब श्री चरणी महिला वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट के इतिहास में एक मुकाबले में 10 ओवर के स्पेल में 100 या उससे ज्यादा रन लुटाने वाली दुनिया की सिर्फ तीसरी खिलाड़ी बन गईं हैं।
श्री चरणी से पहले आयरलैंड की गेंदबाज़ कारा मरे (Cara Murray) ने साल 2018 में न्यूजीलैंड के सामने अपने 10 ओवर के स्पेल में 2 विकेट लेकर 119 रन दिए थे। उनके अलावा पाकिस्तान की गेंदबाज़ शैज़ा खान (Shaiza Khan) ने साल 1997 में ऑस्ट्रेलिया के सामने 10 ओवर में सिर्फ 1 विकेट लेकर 111 रन लुटाए थे।