'काशी रुद्रास' के कप्तान करण शर्मा मानते हैं कि 'यूपी टी20 लीग' ने राज्य के क्रिकेटर्स को एक शानदार मंच दिया है। इससे उन्हें इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) जैसे बड़े टूर्नामेंट में जगह बनाने के लिए जरूरी अनुभव मिलता है।
करण शर्मा को आईपीएल 2022 और 2023 सीजन में लखनऊ सुपर जायंट्स के साथ खेलने का अनुभव है। वह उन खिलाड़ियों में से एक हैं जिन्हें इस 10-टीम वाली लीग में चुना गया है।
करण शर्मा ने कानपुर में लीग के दौरान 'आईएएनएस' से खास बातचीत में कहा, "बिल्कुल। मैं यूपीसीए और राजीव शुक्ला सर का शुक्रिया अदा करता हूं। उन्होंने यूपी टी20 को हकीकत बनाने की पहल की, क्योंकि बतौर खिलाड़ी आपको अपनी प्रतिभा या अब तक की मेहनत और हुनर को दिखाने के लिए एक मौके और मंच की जरूरत होती है। तो, यह एक पूरी प्रक्रिया थी। जैसे जब आप आए, तो ट्रायल हुए। फिर आपको सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए राज्य की ओर से खेलने का मौका मिला। जब आप वहां अच्छा खेलते हैं, तो आपको आईपीएल में चुना जाता है, लेकिन अब जब यूपी टी20 लीग आई है, तो हर खिलाड़ी को 10 लाइव मैच खेलने को मिले हैं, जो अपनी प्रतभा, काबिलियत और क्षमता को दिखाने के लिए काफी हैं।"