आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के 26वें मुकाबले में यूएसए ने नामीबिया को 31 रनों से हराकर टूर्नामेंट में अपनी दूसरी जीत हासिल कर ली। इस जीत के साथ ही यूएसए ने सुपर-8 में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को जिंदा रखा है। यूएसए ने नामीबिया के सामन जीत के लिए 200 रनों का लक्ष्य रखा था जिसके जवाब में नामीबिया की टीम निर्धारित 20 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर 168 रन ही बना पाई और 31 रनों से ये मैच हार गई।
चेन्नई के एम ए चिदंबरम स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच में यूएसए के कप्तान मोनांक पटेल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और पावरप्ले में उन्होंने शयन जहांगीर के साथ मिलकर टीम को तूफानी शुरुआत दिलाई। मोनांक और जहांगीर की जोड़ी सातवें ओवर में टूटी जब 68 के स्कोर पर टीम ने जहांगीर का विकेट गंवाया। जहांगीर ने आउट होने से पहले 18 गेंदों में 22 रन बनाए जबकि कप्तान मोनांक ने 30 गेंदों में 52 रनों की तूफानी पारी खेली।
इसके बाद संजय कृष्णमुर्ति ने 33 गेंदों में 68 रनों की आतिशी पारी खेलकर अपनी टीम को 199 के स्कोर तक पहुंचा दिया। नामीबिया के लिए विलेम माइबर्घ और कप्तान गेरहार्ड इरस्मस ने सबसे ज्यादा 2-2 विकेट लिए। इसके बाद लक्ष्य का पीछा करने उतरी नामीबिया की टीम को भी उनके ओपनर्स ने तूफानी शुरुआत दिलाते हुए पावरप्ले में ही 50 के पार पहुंचा दिया।