भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जाने वाले पहले टी20 मुकाबले से पहले 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने एक बार फिर नेट्स में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से फैंस का ध्यान खींच लिया। युवा बल्लेबाज लगातार पिच से बाहर निकलकर लंबे-लंबे छक्के लगाते नजर आया।
भारत और इंग्लैंड के बीच बुधवार (1 जुलाई) को खेले जाने वाले पांच मैचों की सीरीज के पहले टी20 मुकाबले से पहले 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने नेट्स में अपनी धुआंधार बल्लेबाजी से माहौल बना दिया। चेस्टर-ले-स्ट्रीट में टीम इंडिया के आखिरी अभ्यास सत्र के दौरान वैभव बेखौफ अंदाज में बल्लेबाजी करते नजर आए और लगातार बड़े-बड़े छक्के जड़कर सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।
स्टार स्पोर्ट्स द्वारा उनके सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किए गए वीडियो में वैभव बार-बार पिच से बाहर निकलकर गेंदबाजों पर हमला करते दिखाई दे रहे हैं। कुछ ही देर में यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और फैंस ने वैभव के डेब्यू की मांग फिर से तेज कर दी।