IPL 2026, Royal Challengers Bengaluru vs Kolkata Knight Riders Highlights: रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में बुधवार (13 मई) को खेले गए इस मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 6 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाजी करते हुए KKR ने 192 रन बनाए, लेकिन विराट कोहली के तूफानी शतक के दम पर RCB ने 5 गेंदें शेष रहते ही लक्ष्य हासिल कर लिया।
आईपीएल 2026 के 57वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के कप्तान रजत पाटीदार ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी कोलकाता नाइट राइडर्स की शुरुआत तेज रही, लेकिन टीम को शुरुआती झटके भी जल्दी लगे। फिन एलन ने 8 गेंदों में 18 रन बनाए, जबकि कप्तान अजिंक्य रहाणे 13 गेंदों में 19 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।
इसके बाद अंगकृष रघुवंशी और कैमरून ग्रीन ने पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए 46 गेंदों में 68 रन की अहम साझेदारी की। कैमरून ग्रीन ने 24 गेंदों में 32 रन बनाए, जबकि रघुवंशी ने एक छोर संभाले रखा और 46 गेंदों में 71 रन की शानदार पारी खेली, वहीं आखिरी के ओवरों में रिंकू सिंह ने भी अहम पारी खेलते हुए 29 गेंदों में नाबाद 49 रन बनाए। इन पारियों की बदौलत KKR ने 20 ओवर में 192 रन का स्कोर खड़ा किया।